गांव के सार्वजनिक पूजा स्थल पर किए जा रहे कब्जा के खिलाफ आक्रोश परिषद के बैनर तले ग्रामीणों ने डीएम किंजल सिंह को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की शिकायत और सिविल कोर्ट में चल रहे मुकदमे को संज्ञान लेकर डीएम किंजल सिंह ने निर्माण रुकवाने के आदेश दिए हैं।
बताते चलें कि मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुर ग्रंट डाटपुर के दर्जनाें ग्रामीणों ने सामाजिक संस्था आक्रोश परिषद के बैनर तले जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिला संगठन प्रभारी सुनील स्वतंत्र ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों के प्राचीन पूजा स्थल पर एक दबंग कब्जा कर रहा है। पुलिसकर्मी स्वयं बैठकर दीवार का निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की जा रही है।
जिला महासचिव अंबरीश कुमार ने बताया कि संगठन की ओर से पांच सूत्रीय ज्ञापन देकर संसारपुर के चौकी प्रभारी को निलंबित करने और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने तथा ग्रामीणों के ऊपर लगाए गए झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग की गई है। इस दौरान जिला संयुक्त मंत्री अतुलेश कुमार, वेद प्रकाश वर्मा एडवोकेट, अमर सिंह एडवोकेट, कमलेश कुमार, रामसरन, अजय कुमार आदि प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।