लखीमपुर खीरी में अजबापुर चीनी मिल में बुधवार रात बॉयलर में काम करते समय गैस रिसने से एक कर्मचारी नीचे कूद गया। सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया। लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नयागांव किशोरी निवासी अनंत राम बॉयलर पर काम कर रहा था। देर रात बॉयलर से गैस रिसाव हुआ तो वह नीचे कूद पड़ा। उसके सिर में गहरी चोट आई।
चीनी मिल प्रशासन ने उसे प्राथमिक इलाज देकर चरक अस्पताल लखनऊ भेजा। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। मिल प्रशासन ने मृतक की पत्नी आशा के नाम सात लाख रुपये का चेक नया गांव किशोरी के प्रधान को दिया है। दुर्घटना की सूचना पाकर किसान यूनियन के भी कुछ लोगों ने चीनी मिल पहुंचकर मिल अधिकारियों से वार्ता की। यूनिट हेड पंकज सिंह ने बताया कि बीमा आदि का पैसा भी दिया जाएगा।