लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में एक और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और नई अल्ट्रासाउंड मशीन लगने से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल में अब तक एक ही रेडियोलॉजिस्ट और एक अल्ट्रासाउंड मशीन होने से मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने के दौरान दिक्कत और बढ़ जाती थी।
जिला महिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 300-400 मरीज ओपीडी में आते हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच की जरूरत पड़ती है। मेडिकल कॉलेज की ओर से डॉ. अनुराग भारतीय की रेडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनाती की गई है। साथ ही एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी लगाई गई है। इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा। एक ही रेडियोलॉजिस्ट पर काम का दबाव भी घटेगा।
जिला महिला अस्पताल में एक और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई गई है। इससे मरीजों की जांच कम समय में हो सकेगी और उन्हें सहूलियत मिलेगी।
-डॉ. वाणी गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज