लखीमपुर खीरी। महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी खोलने के लिए एसपी ने सर्किल का निर्धारण कर दिया है। यह पुलिस चौकी गोला गोकर्णनाथ में खोली जाएगी। इसको लेकर एसपी स्तर से कार्रवाई भी तेज हो गई है।
भौगोलिक दृष्टि से जिला काफी बड़ा है। इससे पीड़ित महिलाओं को अपनी समस्या को लेकर सौ किलोमीटर से अधिक चलकर जिला मुख्यालय आना पड़ता है। एसपी ने महिलाओं को हो रही दिक्कतों को देखते हुए जिले में एक महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी खोलने के लिए कार्रवाई शुरू की है। एसपी ने अधिकारियों से मंथन करने के बाद पुलिस चौकी को गोला गोकर्णनाथ में खोले जाने की हरी झंडी दी ही। एसपी विजय ढुल ने बताया कि महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी गोला गोकर्णनाथ में खोली जाएगी। इससे मोहम्मदी, पसगवां, पलिया, भीरा आदि क्षेत्र की महिलाओं को सुविधा मिलेगी। उन्हें जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा।