लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से मंगलवार को पलिया के सरखना गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘गिव टू गेन, इंटरनेशनल महिला किसान वर्ष का जश्न’ रही। इस दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों ने केले के रेशे से बने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जिसे अधिकारियों और लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम में नाबार्ड के डीडीएम प्रसून ने बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य व समान वेतन जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि देश में करीब 17.1 करोड़ महिलाएं 1.43 करोड़ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।
इंडियन बैंक के एलडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने महिलाओं को सीएम युवा योजना व पीएमएफएमई योजना की जानकारी दी और बैंकिंग संबंधी समस्याओं का समाधान किया।
इस मौके पर मिशन शक्ति महिला थाना प्रभारी सुनीता कुशवाहा ने महिलाओं को सुरक्षा, घरेलू हिंसा से बचाव और स्वरोजगार के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में महिला प्रतिभागियों को फूड पैकेट व जूट बैग वितरित किए गए। इस दौरान तुहिन श्रीवास्तव, अजीत, आशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।