चार दिन से अधिकारियों ने नहीं ली सुध
बिजली की हाईटेंशन लाइन और खंभा हटवाकर रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन कर रहे मोहल्लेवासियों के समर्थन में दर्जनों महिलाएं उतर आई हैं। महिलाओं की मांग है कि रास्ते के बीचोबीच लगाए गए बिजली के खंभों के कारण लोग अपने वाहन तक घर नहीं ले जा पा रहे हैं। पिछले चार दिनों से क्रमिक अनशन कर रहे लोगों की सुधि लेने के लिए अब तक प्रशासन का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है।
मोहल्ला शांतिनगर में कांशीराम आवास जाने वाली सड़क की दूसरी गली में रास्ते के बीचोबीच लगाए गए बिजली के खंभों को हटवाने के लिए मोहल्लेवासी विलोबी मेमोरियल परिसर में चार दिन से क्रमिक अनशन कर रहे हैं। बिजली के खंभे हटवाने के साथ ही लोग पांच बिंदुओं पर मांग कर रहे हैं। लोगों के क्रमिक अनशन पर कार्रवाई न होते देख सोमवार को महिलाएं उनके समर्थन में उतरीं। महिलाओं का कहना था कि मोहल्ले की समस्याओं की ओर ध्यान न देने के कारण लोग उपेक्षित हो गए हैं। महिलाओं ने बिजली का खंभा हटवाने, वृद्धाओं और विधवा पेंशन देने, गरीब परिवारों को कॉलोनी देने सहित कई मांगे रखीं। इस दौरान शिवकिशोर अवस्थी, फूलमती, लज्जावती, पुष्पा देवी, शैलेंद्री, मीना, सुमन, उर्मिला सहित तमाम महिलाएं शामिल थीं।