लखीमपुर खीरी। चोर-बदमाशों ने लोगों का चैन छीन लिया है। शहर के मोहल्ला बहादुरनगर की बिट्टा देवी मॉर्निंग वॉक पर निकलीं तो बाइक सवार बदमाश उनके कान से कुंडल नोचने के साथ मोबाइल भी छीन ले गए। पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित महिला कोतवाली के चक्कर लगा रही हैं। वहीं शनिवार रात में चोरों ने ओयल चौकी क्षेत्र में सगे भाइयों समेत तीन लोगों के घरों को निशाना बनाया और नकदी समेत कई लाख के जेवर चोरी कर ले गए।
मोहल्ला बहादुरनगर निवासी बिट्टा देवी हर रोज की तरह टहलने के लिए रविवार सुबह घर से निकलीं थीं। वह घर से राजापुर चौराहे तक जाती थी। शुक्रवार की सुबह वह जैसे ही एक नर्सिंग होम के पास पहुंची। पीछे से दो मोटर साइकिल सवार दो उचक्के आए और कुंडल नोच लिए। इस दौरान महिला ने एक उचक्के को पकड़ लिया। उचक्के ने खुद को छुड़ाने के लिए महिला से धक्का मुक्की कर दी। इधर दूसरे साथी ने मोबाइल भी छीन लिया।
घटना के बाद घबराई महिला ने पहले रोडवेज पुलिस चौकी पर सूचना दी। वहां से महिला को कोतवाली भेज दिया। कोतवाली पहुंची महिला ने मौजूद पुलिस कर्मियों को आपबीती सुनाई हैं। महिला का आरोप है कि सिपाहियों ने घटना स्थल राजापुर चौकी क्षेत्र में होने की बात कहते हुए उसे वहीं तहरीर देने की बात कही। परेशान होकर महिला रविवार को दोबारा कोतवाली पहुंची, जहां पर पुलिस ने तहरीर लेकर उचक्कों की छानबीन शुरू कर दी है।
दो भाइयों समेत तीन घरों में चोरों का धावा, नकदी-जेवर ले गए
ओयल। गांव मरखापुर में शनिवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया और नकदी-जेवर ले गए।
गांव निवासी हरीश सिंह पुत्र शिवधेश सिंह ने बताया कि वह शनिवार रात परिवार के साथ छत पर सो रहा था। रविवार तड़के करीब तीन बजे पड़ोस में शोर सुनाई पड़ा तो नींद टूटी। बाहर आकर देखा तो उसके कमरे सहित बड़े भाई अंकुल सिंह का कमरा खुला था और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर के पीछे दीवार से चढ़कर दाखिल हुए। बेड में रखीं चाबियां लेकर अलमारी का लॉक खोलकर सोने व चांदी के जेवर सहित बैग में रखे 50 हजार रुपये व मिट्टी की गुल्लक उठा ले गए। खोज करने पर गुल्लक दीवार पर फूटी मिली व घर के पश्चिम दिशा में दो बैग, एक बक्सा पड़ा मिला।
दूसरी घटना पड़ोसी अभिराज सिंह पुत्र दिर्गज सिंह के घर हुई। सभी कमरे में सो रहे थे। यहां से चोर नकदी और जेवर चुरा ले गए। तीसरी घटना अभिराज के पड़ोसी पंकज सिंह के घर की है। तड़के तीन बजे चोर उसके गले से सोने की चेन खींचकर अंधेरे का फायदा उठा भाग गया। खीरी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टिकौला गांव में जल जीवन मिशन की पानी टंकी के पैनल चोरी
घटना का वायरल हुआ वीडियो, जांच में जुटी पुलिस
सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के टिकौला गांव में जल जीवन मिशन की पानी टंकी के पैनल चोरी कर चोर पिकअप गाड़ी में भरकर ले गए। चोरी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
झारखंड के जनपद पलामू थाना हैदरनगर के पंसा निवासी प्रभु सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एनआर कंसट्रक्शंस में काम करता है। जल जीवन मिशन के तहत टिकौला गांव में पानी की टंकी बनाई जा रही है। जिसमें पानी सप्लाई के लिए 43 सोलर पैनल लगाए गए थे। 11 पैनल चोरी हो गए। एक सोलर पैनल की कीमत लगभग 18 हजार रुपये है। खेत की रखवाली कर रहे एक किसान ने पैनल चोरी करने वालों का वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल हो रहा है। नीमगांव थानाध्यक्ष श्रद्धा सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई है। घटना से संबंधित सुराग मिले हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद