मंगलवार शाम को सुअर के बाड़े में खाना डालते समय हुई घटना, लोगों में दहशत
धनगढ़ी (नेपाल)। सीमा से लगे बर्दिया जिले में बाघ ने मंगलवार शाम को घर के पास पालतू सुअर को खाना डालते समय एक नेपाली महिला पर हमला कर उसे मार डाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। उधर बाघ के आतंक से स्थानीय लोगों में दहशत व्याप्त है।
भारतीय सीमा से लगे बर्दिया जिला के ठाकुरबाबा नगर पालिका वार्ड नंबर चार निवासी 41 वर्षीय लिली थारु घर के पास ही पालतू सुअर के बाड़े में सुअरों को भोजन डाल रही थी। इस दौरान वहीं पर घात लगाए बैठे एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पास ही जंगल में खींच ले गया और मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ महिला की तलाश की तो जंगल में महिला का अधखाया शव बरामद हुआ। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।