निघासन। ढखेरवा चौराहे के शारदा नहर पुल से एक महिला ने बुधवार दोपहर बाद नहर में छलांग लगा की। महिला के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव पहड़ियापुर निवासी सुहेल की पत्नी 25 वर्षीय रोशवीन किसी कारणवश घर से नाराज होकर ढखेरवा चौराहा के शारदा नहर पुल पर पहुंची। जहां उसने अपना दुपट्टा, पर्स, चप्पल और मोबाइल आदि पुल की रेलिंग पर रखकर नहर में छलांग लगा दी और वह डूब कर लापता हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पढुआ थाना क्षेत्र के गांव त्रिकोलिया निवासी मृतका के भाई वसीम अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसकी बहन रोशवीन बानो को एक वर्ष पूर्व सुहेल प्रेम प्रसंग के चलते भगा ले गया था। तभी से वह उसकी बहन को दहेज की मांग को लेकर मायके ना भेजकर उसे प्रताड़ित करता था। इससे तंग आकर उसने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस संबंध में पढ़ुआ थाना इंचार्ज हनुमंत तिवारी ने बताया कि मामले में जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। महिला की तलाश में गोताखोर लगाए गए है। संवाद