अमर विहार कालोनी में कोरोना संक्रमित मिलने पर सर्वे करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी/फरधान। शहर से सटी ग्राम पंचायत सलेमपुर कोन की अमर विहार कॉलोनी में हरदोई से आई एक महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से कॉलोनी को सील करके कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया हैं। महिला का इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। पूरी कॉलोनी से महिला के संपर्क में आए 10 लोगों को भी डायट खीरी में क्वारंटीन किया गया है और जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को 271 रिपोर्ट प्राप्त हुईं, जिसमें एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिली। जबकि शेष 270 केस निगेटिव हैं। महिला कुछ दिन पहले हरदोई गई थी, जहां से लौटने के बाद उसे खांसी-बुखार और श्वांस लेने में दिक्कत हुई तो उसकी सैंपल लेकर होम क्वारंटीन किया गया। महिला किसी अन्य बीमारी से भी ग्रसित है, जिससे उसका लखनऊ में इलाज कराया जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद सीएचसी फरधान के अधीक्षक डॉ अमित वाजपेयी के नेतृत्व में 50 आशा, आंगनबाड़ी वर्कर, एएनम, बीसीपीएम और सीएचओ के साथ टीम बनाकर अमर विहार कॉलोनी में सर्वे किया गया। कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आने वाले 10 लोगों की जांच जिला अस्पताल में कराई गई, जिसके बाद सभी को डाइट में बने क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि कॉलोनी के 178 घरों का सर्वे करवाया गया, सभी की जांच की गई। सभी को पूरे 14 दिन घर में ही रहने की सलाह दी गई है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष चक भी टीम के साथ निरीक्षण करते रहे।
--
आठ प्रवासियों की रिपोर्ट निगेटिव, डिस्चार्ज
मंगलवार को आई रिपोर्ट में जहां एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है, तो दूसरी ओर आठ प्रवासी श्रमिकों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे इन्हें कोविड केयर सेंटर जगसड़ से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
बॉक्स=वर्जन.......
अब तक जनपद में कुल 115 कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें से 95 कोरोना संक्रमित ठीक होने के उपरांत डिस्चार्ज किए गए हैं। अब कुल 20 कोरोना पॉजिटिव केस एक्टिव हैं।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम