मझगईं। पलिया-निघासन रोड पर रविवार को सरखना मोड़ के पास हुए हादसे में बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रही एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया।
मझगईं के छब्बापुरवा गांव निवासी मुश्ताक खान की पुत्री का विवाह है। उनका पुत्र मुन्ना अपनी 55 वर्षीय मां नाजिरा बेगम के साथ बाइक पर पलिया की तरफ कार्ड बांटने जा रहा था। सरखना मोड़ के पास सामने से आई बाइक को बचाने के चक्कर में मुन्ना की बाइक अनियंत्रित हो गई और नाजिरा सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान वह मझगईं की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गईं।
हादसे के बाद लोग उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचे, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। देर शाम तक परिजन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करते रहे। बाइक चला रहे मुन्ना को भी चोटें आईं हैं, जिसका सीएचसी में इलाज किया गया।
खुशियों वाले घर में गूंज रहीं चीखें
नाजिरा बेगम की मौत के बाद शादी की खुशियों वाले घर में चीखें गूंज रही थीं। नाजिरा की पुत्री का 26 मई को विवाह होना है। जिसकी तैयारियों में सभी लगे थे। बेटी का रोना देखकर सभी के आंखों में आंसू छलक आए थे।