पलियाकलां/मझगईं। पलिया-निघासन स्टेट हाईवे पर बड़े बेला मंदिर के पास बुधवार शाम गड्ढे से बचने की कोशिश में एक ई-रिक्शा स्लीपर बस से टकरा गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पलिया की ओर जा रहे ई-रिक्शा चालक ने सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के लिए रिक्शा मोड़ा। इसी दौरान सामने से देवरिया-गोरखपुर की ओर जा रही डबल डेकर बस से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस सड़क किनारे जा घुसी। ई-रिक्शा में महिला, पुरुष और बच्चे समेत सात लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी घायलों को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मझगई थाना क्षेत्र के बबौरा गांव निवासी राजेश्वरी (60) पत्नी नेकीराम को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
-
गंभीर घायलों की सूची
गंगा देवी (30 वर्ष) व उनका पुत्र संत कुमार (8 वर्ष) निवासी पृथ्वीपुरवा, निघासन, सोनी (28 वर्ष) व आरती देवी (35 वर्ष) निवासी बेला खुर्द, ज्योति (28 वर्ष) निवासी शंकरपुरवा तथा एक अज्ञात युवक (35 वर्ष), जिसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे सपा नेता नरेश यादव ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना घायलों को अपनी गाड़ी से पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर और स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।
क्षतिग्रस्त रिक्शा और बस। स्रोत: ग्रामीण- फोटो : 1
क्षतिग्रस्त रिक्शा और बस। स्रोत: ग्रामीण- फोटो : 1
क्षतिग्रस्त रिक्शा और बस। स्रोत: ग्रामीण- फोटो : 1
क्षतिग्रस्त रिक्शा और बस। स्रोत: ग्रामीण- फोटो : 1