लखीमपुर। धौरहरा रेंज के गांव कुर्तैहा में शनिवार को घर में घुसकर भेड़िया बकरे को उठा ले गया। भेड़िये की दहशत में ग्रामीण सहमे हुए हैं।
गांव के मुजफ्फर के यहां सुबह आठ बजे घर के आंगन में पांच वर्षीय आदिल बकरे के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गन्ने के खेत से निकला भेड़िया घर में घुस कर झपट्टा मारते हुए बकरे को उठा ले गया। मुजफ्फर के मुताबिक दो भेड़िये एक साथ आए थे। एक घर के बाहर रुक गया, जबकि दूसरे ने हमला किया।
परिजनों के शोर मचाने पर लोग दौड़े। ग्रामीणों ने शंका जाहिर करते हुए बताया भेड़िया बहराइच से नदी पार करके आया है। एक हफ्ते से लगातार शिकार लिए गांव के आसपास तीन भेड़िये झुंड में घूम रहे हैं। लोग भेड़िये के भय से खेतों की तरफ अकेले जाने में डरते है। रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया गांव में आठ कैमरे लगाए गए हैं। कुर्तैहा गांव में टीम लगातार निगरानी बनाए हुए।