मैलानी-शाहगढ़ के बीच हुआ रेल विद्युतीकरण
मैलानी। मैलानी-शाहगढ़ रेलखंड के कुर्रैया-दूधिया खुर्द के बीच रेल विद्युतीकरण की वायरिंग का काम सोमवार से शुरू हो जाएगा। काम पूरा होने के बाद मैलानी से शाहगढ़ तक जल्द ट्रेनें चलने की उम्मीद जागी है।
बता दें कि कार्यदायी संस्था आरवीएनएल रेल विद्युतीकरण का काम करा रही है। कुर्रैया और दूधिया खुर्द स्टेशन के बीच पीलीभीत टाइगर रिजर्व के करीब पांच सौ मीटर की दूरी के जंगल में वन विभाग की आपत्ति के चलते करीब चौदह सौ मीटर में वायरिंग का काम नहीं हो सका था। खंभे आदि गाड़े जा चुके थे।
इसको छोड़कर मैलानी से शाहगढ़ तक विद्युतीकरण का काम पहले ही पूरा हो चुका है। आरवीएनएल के प्रबंधक और सेक्शन प्रभारी कृष्ण मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि वन विभाग से अनुमति मिल गई है। सोमवार से वायरिंग का काम शुरू होगा। इससे मैलानी से शाहगढ़ तक इलेक्ट्रिक ट्रेनें जल्द चलने की उम्मीद बन गई है। संवाद