जाम के झाम से जूझ रहे शहरवासियों को इससे जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद बन गई है। पीलीभीत-बस्ती मार्ग से वाया सैधरी होते हुए बेलरायां-पनवारी मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा, जिसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। डीएम किंजल सिंह, सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा और प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता जेपी तिवारी ने मार्ग का निरीक्षण किया।
निघासन, बेलरायां, पलिया आदि स्थानों पर जाने के लिए भारी वाहन समेत अन्य ट्रैफिक शहर के अंदर से होकर गुजरता है, जिससे मेला मैदान रोड सहित संबंधित मार्गों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे खासकर विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है, जिसके निराकरण के लिए बाइपास मार्ग की डिमांड अर्से से की जाती रही है। इसके लिए पीलीभीत-बस्ती राजमार्ग के किमी 133 से सैधरी होते हुए बेलरायां-पनवारी के 53 किमी तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस मार्ग की कुल लंबाई 4.17 किमी है, जिस पर करीब 934.15 लाख रुपये लागत आने का अनुमान है। मार्ग के सैधरी गांव के बीच आबादी भाग करीब 345 मीटर है। जबकि मार्ग के मिदनियां गांव के मध्य आबादी करीब 150 मीटर दूरी पर है। इस मार्ग के निर्माण के लिए 12 मीटर चौड़ाई की आवश्यकता पड़ेगी, जिसमें सात मीटर चौड़ाई को पेंटेड किया जाएगा।
सड़क के दोनों तरफ एक-एक मीटर की पटरी
सैधरी एवं मिदनियां आबादी भाग में जगह कम होने के कारण ढाई-ढाई मीटर चौैड़ाई में पटरी नहीं बनाई जा सकती हैै। लिहाजा सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर पटरी बनाई जाएगी। प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता जेपी तिवारी ने बताया कि मार्ग चौड़ीकरण में कुछ लोगों की जमीनें अधिगृहित की जाएंगी, जिसके लिए संबंधित भू स्वामियों ने सहमति दे दी है।
डीएम किंजल सिंह ने बताया कि इस मार्ग का चौड़ीकरण होने से शहरवासियों को जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। एस्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।