बांकेगंज के चौधीपुर गांव में डरे-सहमे ग्रामीण और बच्चे। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज जंगल से सटे चौधीपुर गांव में सक्रिय तेंदुआ बुधवार सुबह अचानक एक ग्रामीण के सामने आ गया, जिससे उसके होश उड़ गए। वह चीखते-चिल्लाते हुए वहां से भाग खड़ा हुआ। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले तेंदुआ गन्ने के खेत में गुम हो गया।
बांकेगंज कस्बा से तीन किलोमीटर दूर चौधीपुर गांव के आसपास कई दिन से सक्रिय तेंदुआ वन विभाग के साथ लुका-छिपी का खेल खेल रहा है। एक बकरी का शिकार करने और दो बच्चों पर हमले की कोशिश करने के अलावा राजनगर गांव आबादी से सटे गन्ने के खेत में रात भर गुर्राने के तीन दिन बाद बुधवार सुबह सात बजे तेंदुआ खेत जा रहे चौधीपुर निवासी श्यामलाल के सामने आ खड़ा हुआ। अचानक तेेंदुए को सामने देखकर उसके होश उड़ गए। वह चीखते-चिल्लाते हुए वहां से उल्टे पांव गांव की ओर भागा, जब तक गांव वाले मौके पर पहुंचे तब तक तेंदुआ भागकर आबादी से सटे गन्ने के खेतों छिप गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना निगरानी में लगी वन कर्मियों की टीम को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन कर्मियों की टीम में शामिल फॉरेस्टर महावीर सिंह, रामपाल यादव, पिंटू वॉचर आदि तेंदुए की लोकेशन पता लगाने के लिए कांबिग कर रही हैं। निगरानी टीम ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की बात कही है।
-
मैलानी रेंज की जटपुरा बीट जंगल से सटे चौधीपुर गांव के आसपास दो दिन बाद बुधवार को तेंदुआ एक बार फिर दिखाई दिया है। वन विभाग की टीमें तेंदुए की निगरानी में लगी हुई हैं। ग्रामीणों से अपील है कि तेंदुआ या उसके पगचिन्ह दिखलाई पड़ने पर इसकी सूचना तत्काल निगरानी टीम को दें।
- केपी सिंह,रेंजर, दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन, मैलानी रेंज।