सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई मादा तेंदुआ। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धौरहरा। गांव धूसाखुर्द में बछिया का शिकार करने वाला हिंसक पशु मादा तेंदुआ है। वह अपने एक शावक के साथ गन्ने के खेत में घूम रही है। इस बात की पुष्टि कैमरों में कैद हुई तस्वीरों से वनविभाग ने की है। वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को अकेले खेतों में जाने से मना किया है
बुधवार की सुबह धूसाखुर्द गांव निवासी किसान जलील के घर के बाहर बंधी बछिया को तेंदुआ उठा ले गया था। गन्ने के खेत में बछिया का अधखाया शव बरामद हुआ था। वन विभाग की टीम ने लोकेशन जानने के लिए खेतों में दो कैमरे लगाए थे, जिसमें मादा तेंदुआ एक शावक के साथ चहलकदमी करता हुई दी है। वन विभाग की टीम ने चौकसी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने और 16 साल तक के बच्चों को बाहर न भेजने की सलाह दी है। वन क्षेत्राधिकारी अनिल शाह ने बताया कि बछिया का शिकार करने वाली मादा तेंदुआ ही है, जो शावक के साथ देखी गई है। टीम पेट्रोलिंग कर उस पर नजर रख रही है। संवाद