निघासन (लखीमपुर खीरी)। गांव दुर्गापुरवा में खेत में घास काटने गए युवक को जंगली सुअर ने हमला कर घायल कर दिया। घायल युवक को परिजन सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
गांव दुर्गापुरवा निवासी नबी रसूल ने बताया कि उनका बेटा नूर मोहम्मद (40) रविवार शाम करीब छह बजे घास काटने के लिए गांव के पूरब स्थित संतराम के खेत में गया था। घास काटते समय गन्ने के खेत से निकले सुअर ने उसके ऊपर हमला कर दिया। सुअर ने नूर मोहम्मद के कंधे, पीठ और जांघ पर गहरे घाव कर दिए। शोर सुनकर पड़ोस के खेत में काम कर रहे गांव के ही सईद और जीशान आ गए और सुअर से किसी तरह से उसकी जान बचाई। सूचना पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से उसे सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
मालूम हो कि बीते शुक्रवार शाम को इसी गांव के 60 वर्षीय शमसुद्दीन गन्ने की रखवाली करने के लिए गया था। उसके ऊपर भी सुअर ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। लुधौरी वन रेंज दरोगा शिव बाबू सरोज ने बताया कि ग्रामीणों ने सूचना दी है जंगली सुअर के पगचिह्न लग रहे हैं। वह दुधवा टाइगर रिजर्व जोन के जंगल से आया है। उसे पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा।