सुंदरवल। जिले के थाना फूलबेहड़ पुलिस ने शारदा तटबंध के अंदर मेहंदी गांव के पास घेराबंदी कर बारहसिंगा के दो सींग, एक देसी रायफल और कारतूस बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से भाग निकला, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात सूचना मिली कि कुछ लोग जंगली पशु के अंगों की बिक्री करने जा रहे हैं। इस पर उन्होंने एसआई सुनील अवस्थी के साथ मेहंदी गांव के पास घेरा बंदी की। पुलिस को करीब आता देख बदमाशों ने फायर कर दिया। पुलिस टीम ने बचाव करते हुए दो लोगों को दबोच लिया, जबकि एक आरोपी मौके से भाग जाने में कामयाब रहा। हत्थे चढ़े अभियुक्त फूलबेहड़ के ही गांव गंगाबेहड़ निवासी हनीफ और शमशेर हैं। पुलिस ने इनके पास से बारहसिंगा के दो सींग, एक देसी रायफल और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव जंतु अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपियों का चालान भेजजा है। तीसरे आरोपी को पुलिस तलाश रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।