मैलानी (लखीमपुर खीरी)। बाघिन के हमले में घायल छेदीपुर निवासी राम निवास की सोमवार रात इलाज के दौरान लखनऊ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। जबकि उनका घायल बेटा गुलशन और भाई हरिओम अस्पताल से घर पहुंच गए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के मैलानी रेंज के पास स्थित छेदीपुर गांव निवासी 40 वर्षीय रामनिवास, उनके पुत्र 20 वर्षीय गुलशन और 37 वर्षीय भाई हरिओम पर बाघिन ने 21 जून को शाम को खेत में हमला कर घायल कर दिया था, जिसमें रामनिवास की हालत गंभीर थी। उन्हें जिला चिकित्सालय से उसी दिन लखनऊ मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया था। तभी से उनका वहां इलाज चल रहा था। रविवार से उनकी हालत बिगड़नी शुरू हुई। सोमवार की रात नौ बजे रामनिवास की इलाज के दौरान अस्पताल में ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांव पहुंचेगा।
इधर, घटना में घायल रामनिवास का पुत्र गुलशन और भाई हरिओम को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों ही घर पहुंच गए। हरिओम का इलाज जिला चिकित्सालय में और गुलशन का इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। गुलशन के सीने और पीठ में बाघिन के पंजे के घाव हैं। परिवारवालों ने बताया कि गुलशन की हालत बिगड़ने पर उसका भी दिल का ऑपरेशन दो बार किया गया। हालत में सुधार होने पर मंगलवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हरिओम अब भी दहशत में नजर आ रहा है।