महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। मगरमच्छ के हमले में एक बुजुर्ग की जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर कोतवाली के महेवागांव निवासी श्रीकेशन (55) बुधवार शाम समीप की उल्ल नदी में मछली पकड़ने गए थे। नदी में मछली पकड़ने के दौरान उन पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद कुछ लोगो ने उन्हें किसी तरह मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले गए और भर्ती कराया जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना से परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।