संसारपुर। दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मोहम्मदी रेंज जंगल के निकट चारा लेने गई महिला को किसी हिंसक जानवर ने मार डाला। गांव वालों का कहना है कि बाघ ने मारा है, जबकि वन विभाग का कहना है कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि महिला बाघ के हमले में मारी गई है या किसी अन्य हिंसक जीव ने उस पर हमला किया है।
मोहम्मदी रेंज जंगल के निकट बसी ग्राम पंचायत ग्रंट डाटपुर के मजरा गांव रामपुर निवासिनी 35 वर्षीय महिला रीता देवी बुधवार शाम खेत पर चारा लेने गई थी। जहां किसी हिंसक जानवर ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ ने हमला किया है। सूचना मिलने पर सीओ गोला राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये भेजा। रेंजर नरेश पाल सिंह ने बताया कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि महिला पर हमला करने वाला बाघ था यह कोई दूसरा हिंसक वन्यजीव। जांच की जा रही है जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाघ और तेंदुओं के ताबड़तोड़ हमलों से इंसानों की मौत पर लोगों ने रोष जताया। डीएफओ संजय विस्वाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया है। निगरानी में टीमें लगाई गई हैं।