धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल के प्रमुख चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में बृहस्पतिवार को एक नर गैंडे का शव मिला है। पार्क क्षेत्र में लगातार गैंडों की मौतों पर पार्क प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
नेपाल के सबसे बड़े और प्रसिद्ध चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में बीते आठ माह से संकट के बादल छाए हुए हैं। यहां आएदिन गैंडों की मौत होने का सिलसिला जारी है। पार्क के सूचना अधिकारी लोकेंद्र अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को पार्क के सुखीभार क्षेत्र के बुढ़ीराप्ती फाट क्षेत्र में करीब 30 वर्षीय नर गैंडे का शव मिला है। जिसके शरीर पर बाहरी हिस्से में चोट के निशान नहीं मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया गैंडे की मौत स्वाभाविक लग रही है। गैंडे के सींग व नाखून भी सुरक्षित है। बता दें कि अगस्त माह से अब तक कुल 26 गैंडों की मौत हो चुकी है। इसमें 22 प्राकृतिक कारणों से मरे हैं जबकि चार गैंडों को शिकारियों ने मौत के घाट उतारा है। बीते वर्ष भी 26 गैंडों की मौत हुई थी। संवाद