किशनपुर सेक्चुरी (लखीमपुर खीरी) में मिला बाघ का शव। संवाद
बांकेगज (लखीमपुर खीरी) । दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेंक्चुरी की चलतुआ बीट मे संदिग्ध हालात में एक नर बाघ का शव मिला है, जिसकी उम्र करीब आठ वर्ष बताई जा रही है। उसके सभी अंग सुरक्षित हैं। मृत मिले बाघ की गर्दन सूजी है। पार्क अधिकारियों को आशंका है कि सेही के शिकार के दौरान गले में कांटे फंसने से बाघ की मौत हुई है।
किशनपुर सेंक्चुरी की चलतुआ बीट में रविवार दोपहर गश्ती दल को बड़ी नहर किनारे एक बाघ का शव पड़ा दिखाई दिया। मौके पर पहुंचे दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक मनोज सोनकर, डीडी बफरजोन डॉक्टर अनिल कुमार पटेल ने बाघ के शव का निरीक्षण करने के साथ ही घटनास्थल का जायजा लिया। वनाधिकारियों ने बाघ के शिकार की आशंका से इनकार किया है। डीडी दुधवा ने बताया कि मृत मिले बाघ के सभी अंग सुरक्षित है। शव को कब्जे में लेकर सोमवार को आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा।
दुधवा टाइगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक संजय पाठक का कहना है कि किशनपुर सेंक्चुरी की चलतुआ बीट में एक नर बाघ का शव बरामद हुआ है। बाघ के शव को पोस्टमार्टम केे लिए सोमवार को आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा। सेही के शिकार कांटे गले में फंसने से मौत की आशंका है लेकिन सही वजह पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आएगी। संवाद