अमीरनगर। आंवला जंगल के निकट हरीनगर की बुजुर्ग महिला पर बाघ के हमले के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने कांबिंग की। उधर जिला अस्पताल में भर्ती महिला की हालत में सुधार बताया गया है।
बुधवार को एसडीओ लखीमपुर दक्षिणी खीरी रविशंकर शुक्ला, रेंजर मोहम्मद मोबीन आरिफ, वनरक्षक राजेश कुमार, आंवला बीट प्रभारी मतीन खां ने टीम के साथ आंवला जंगल से लेकर हरीनगर गांव तक कांबिंग की। अधिकारियों को बाघ का सुराग नहीं मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ प्रभावित इलाकों में लगातार ग्रामीणों के साथ गोष्ठी करके जागरूक किया जा रहा है।
उधर मंगलवार को बाघ के हमले में घायल हुई बुजुर्ग महिला फूलमती की जिला अस्पताल में हालत बेहतर बताई गई है।
-
बाघ ने गाय को बनाया निवाला, दहशत
निघासन-सिंगाही। निघासन के गांव नकटहा में बाघ ने एक गाय और सिंगाही के गांव करदहिया में एक सुअर को मार डाला। वनविभाग ने गांव में जाकर कांबिंग की, लेकिन बाघ का पता नहीं चल सका।
निघासन के मजरा नकटहा निवासी प्रधान गौतम, छोटेलाल, संदीप, भोले आदि सुहेली नहर के किनारे ढखेरवा खालसा के पास खेत से गन्ना काट रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत में गाय के शव के अवशेष पड़े मिले, जिसे देख दहशत में आए लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस व वनविभाग को दी। सूचना पर पहुंची टीम को मौजूद लोगों ने बताया कि चार दिन पूर्व बाघ देखा गया था। उधर सिंगाही के गांव करदहिया निवासी होरी लाल ने बताया कि उसका सुअर गोशाला में बंधा था, जिसका शव घर से कूछ दूरी पर मिला है। होरी लाल के मुताबिक रात में बाघ ने उसे मार डाला। लुधौरी रेंजर राममिलन ने बाघ के होने की पुष्टि करते हुए लोगों को सतर्क किया है।संवाद
-
सुंदरपुर के पास देखे जा रहे हैं बाघिन और दो शावक
ममरी। महेशपुर के वन कर्मियों ने डीएफओ समीर कुमार के निर्देश पर कठिना नदी से सटे बाघ प्रभावित क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है। सुंदरपुर गांव के समीप बाघिन और दो शावक विचरण करते देखे जा रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा आदि ग्रामीणों ने बताया कि वन कर्मी आते हैं और सतर्क रहने की सलाह देकर चले जाते हैं। इधर सिंगहा के पूर्व प्रधान श्याम बिहारी का कहना है कि वन कर्मियों की गश्त बढ़ने के बाद कुछ राहत मिली है। अयोध्यापुर के पूर्व प्रधान डोरेलाल ने बताया कि फारेस्टर रोहित श्रीवास्तव टीम लेकर गांव आए थे, जिन्होंने काफी देर गन्ने के आसपास कांबिंग की। रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि अब बाघ प्रभावित क्षेत्र में निरंतर गश्त कराई जा रही है, जरूरत पड़ी तो कैमरे भी लगवाए जाएंगे। संवाद