बेटे ने दर्ज कराया केस, हत्यारोपी पति आला कत्ल सहित गिरफ्तार
विज्ञापन
आए दिन पीटता था पत्नी और बच्चों को, नशे का भी आदी है पति
मैलानी (लखीमपुर खीरी)। देवीपुर गांव में शनिवार रात एक व्यक्ति ने शक में अपनी पत्नी की बेटी के सामने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने हत्यारोपी को आला कत्ल सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नशेड़ी है, तीन दिन पहले खुद ने भी आत्महत्या की कोशिश की थी। आठ मार्च को ही पिता हीरालाल की मृत्यु हुई थी। वह उनके अंतिम संस्कार में भी नहीं शामिल हुआ था।
ग्राम पंचायत सुवाबोझ के मजरा देवीपुर गांव निवासी अहिबरन के बड़े बेटे मुकेश और बगल में ही रहने वाली उसकी चाची पूनम पत्नी राकेश ने बताया कि जेठ अहिबरन के तीन पुत्र और एक पुत्री है। अहिबरन अपने तीनों बेटों और पत्नी मंजू (38) को पीटता था। इसी डर से उसके तीनों बेटे अपने घर के बजाय चाचा मुकेश के घर सोते थे। सबसे छोटी बेटी नौ साल की शिल्पी अपने माता-पिता के साथ सोती थी।
विज्ञापन
शनिवार रात अहिबरन पत्नी और छोटी बेटी शिल्पी के साथ अपने कमरे में सोया हुआ था। रात लगभग 11 बजे शिल्पी रोते हुए चाचा के घर पहुंची और बताया कि पापा ने मम्मी को कुल्हाड़ी से मार डाला है। यह सुनकर सब लोग घर पहुंचे तो अहिबरन कमरा बंद कर अंदर ही मौजूद था। मंजू की लाश पड़ी थी। घरवालों ने कमरा खोलने को कहा तो अहिबरन ने उन्हें भी मार डालने की धमकी दी। सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची, लेकिन उसने कमरा नहीं खोला। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव और सीओ गोला रविंद्र कुमार वर्मा के समझाने पर कमरे का दरवाजा खोला।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि मृतका के बड़े बेटे मुकेश की तहरीर पर पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है। वह पत्नी पर शक करता था। तहरीर में हत्या का कारण नहीं लिखा है।