पसगवां। उचौलिया थाना क्षेत्र की 38 वर्षीय विधवा ने पुलिस विभाग के एक इंस्पेक्टर और दीवान पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। विरोध करने पर 500 रुपये देने की कोशिश की गई। उसने बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायती पत्र के मुताबिक, महिला ने अपने देवर के खिलाफ शादी का झांसा देकर शोषण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले में वह 18 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंची थी। वहां इंस्पेक्टर और दीवान से मुलाकात हुई। महिला का कहना है कि देवर को पकड़वाने की बात करने पर उसे रात करीब 10 बजे कमरे पर आने के लिए कहा गया।
महिला के अनुसार, दीवान उसे इंस्पेक्टर के आवास का रास्ता दिखाकर ले गए। वहां आरोपी को पकड़ने का झांसा देकर कमरे में बैठाया गया और दुष्कर्म किया गया।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।