महेवागंज/ फूलबेहड़। शारदानगर के पतरासी कस्बे में मंगलवार शाम टायर में हवा डालते समय अचानक तेज धमाके के साथ एयर टैंक फट गया। इससे दुकानदार और पास खड़ा बालक घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
पतरासी गांव निवासी आकाश की चौराहे पर पंचर जोड़ने और हवा भरने की दुकान है। मंगलवार शाम चार बजे आकाश वाहन के टायरों में हवा भर रहा था। अचानक एयर टैंक तेज आवाज के साथ फट गया। इससे उछले लोहे के टुकड़े से आकाश और पास में खड़ा गाव का ही पवन का दस वर्षीय पुत्र अंकुल गंभीर रूप से घायल हो गए। शारदानगर पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। शारदानगर थाना प्रभारी बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि वाहन में हवा भरने के दौरान टंकी फटने से दुकानदार और एक बालक सहित दो लोग घायल हो गए थे। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। संवाद