फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: बेटी की विदाई के चंद घंटे बाद पिता को सांप ने डसा, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
ममरी (खीरी)। गांव कुरैली के सोबरन लाल कई दिन से बेटी की शादी की तैयारी में लगे थे। रविवार रात कन्यादान करने के बाद सोमवार सुबह बेटी को हमेशा खुश रहने का आशीर्वाद दिया और खुशी-खुशी बेटी को विदा किया। बेटी को विदा करने के चंद घंटों के बाद दीवार से सटकर सोने के दौरान सांप के डसने से उनकी मौत हो गई। इससे शादी वाले घर की खुशियां एकाएक मातम में बदल गईं।
विज्ञापन

हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुरैली निवासी सोबरन लाल (45) की बड़ी बेटी जूली देवी की बरात रविवार रात क्षेत्र के गांव तेंदुवाई से आई थी। बरात आने के बाद द्वाराचार किया गया। बरातियों को नाश्ता कराने के बाद खाना खिलाया गया। रात में शादी की सभी रस्में पूरी हुईं। फेरे संपन्न हुए। सोबरन ने बेटी दामाद के पैर पूजे और सोमवार सुबह बेटी को विदा किया। बेटी को विदा करने के बाद वह दीवार से सटकर सो गए।
बताते हैं कि इसी दौरान दीवार की दराज में बैठे किसी जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन पहले तो झाड़ फूंक कराते रहे। सुधार नहीं होने पर सीएचसी गोला ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। लखीमपुर ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
विज्ञापन

जिस घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं, वहां मातम छा गया। पूरे परिवार में कोहराम मचा है। जो बेटी नई उम्मीदें लेकर ससुराल गई, जब उसे मालूम हुआ तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। चंद घंटे पहले जिस पिता का आशीर्वाद लेकर वह ससुराल आई थी, उस पिता की छत हमेशा के लिए ऊपर से हट गई।



हर सांप जहरीला नहीं, धैर्य बनाए रखें



- सांप काटने पर घबराएं नहीं, जितनी जल्दी हो सके, अस्पताल पहुंचे



- झाड़फूंक व देशी जुगाड़ के चक्कर में न पड़ें, नहीं तो जा सकती है जान



संवाद न्यूज एजेंसी



लखीमपुर खीरी। जनपद में बाढ़ के बाद सांप के डसने की घटनाएं बढ़ी हैं। सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। अकेले जिला अस्पताल में अब तक 50 से अधिक मरीज पहुंच चुके हैं, जो सुरक्षित हैं। डॉक्टरों के अनुसार, सांप के डसने पर घबराएं नहीं, बल्कि जितनी जल्दी हो सके, अस्पताल पहुंचें। हर सांप जहरीला नहीं होता है। मात्र 10 फीसदी ही सांप जहरीले होते हैं, जिनके काटने पर अगर समय से इलाज नहीं मिलता तो जान जा सकती है।



डॉ. शिशिर ने बताया कि किसी को सांप डसता है तो घबराएं नहीं, बल्कि धैर्य बनाकर रखें। अक्सर सांप डसने पर लोग उस हिस्से को कसकर बांध देते हैं, जो गलत है। बंधना नहीं चाहिए, जो घातक हो सकता है। कुछ लोग सांप के डसने पर उस हिस्से को काट कर खून निकालते, जो गलत है। किसी भी दशा में खून निकालने की जरूरत नहीं है। कुछ लोग खून को चूसने लगते हैं। इससे दोनों को खतरा हो सकता है।







सांप के डसने के हिस्से को ज्यादा न हिलाएं



- जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रोहित पाठक ने कहा, अगर किसी को सांप डसता है तो उसको सुरक्षित स्थान पर लेकर आएं और सांप के डसने वाले हिस्से को ज्यादा न हिलाएं। सांप काटने पर सबसे बड़ी बात धैर्य बनाए रखना होता है।







महत्वपूर्ण बातें



- सांप के डसने पर तुरंत इंसान को सांप से दूर करें और एंबुलेंस बुलाएं।



- सांप दिल के नीचे वाले हिस्से में डसे तो तुरंत उस इंसान को लिटा दें।



-जहर फैलने से रोकने के लिए उस व्यक्ति को शांत रखें।



- सांप के डसने वाली जगह को ढीली और साफ पट्टी से ढंक दें।



- घाव के आसपास कोई ज्वेलरी, धागा बंधा है तो तुरंत खोलकर हटा दें।







बाढ़ के बाद सांप डसने की घटनाएं बढ़ी हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सीएचसी सहित सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन उपलब्ध कराया गया है। - डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें