फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नामांकन पत्र दाखिल करते समय प्रत्याशी के साथ दो लोग ही नामांकन कक्ष में कर सकेंगे प्रवेश

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय एवं राज्यीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से 15 जनवरी तक रैली, नुक्कड़ नाटक एवं जनसभा पूरी तरह से प्रतिबंधित है। नामांकन कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशी के साथ केवल दो लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। बूथों पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1250 रहेगी।
विज्ञापन

कलक्ट्रेट में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने चुनाव को सकुशल कराने में सभी राजनीतिक दलों का अपेक्षित सहयोग मांगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की व्यय सीमा 40 लाख निर्धारित है। दिव्यांगों, 80 साल से अधिक लोगों, कोविड संक्रमित व सर्विस वोटर को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमन्य सुविधा दी जाएगी। वहीं नामांकन से पूर्व प्रत्याशी को नया खाता खुलवाना जरूरी है। मतदान से 90 मिनट पूर्व मॉक पोल (दिखावटी मतदान) होगा। इसके बाद नियत समय पर वास्तविक मतदान शुरू होगा। मतों का संग्रहण कंट्रोल यूनिट एवं पर्ची के रूप में वीवीपैट में होगा। मतदाताओं को वोटर इनफार्मेशन स्लिप दी जाएगी, जिसमें मतदाता के फोटो को छोड़कर सभी प्रविष्टियां अंकित होंगी।
डीएम ने बताया कि 50 हजार से अधिक रकम के परिवहन पर धनराशि का स्रोत जांच टीमों को बताना होगा। गठित एसएसटी व एफएसटी द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। सी-विजिल एप पर फोटो एवं वीडियो अपलोड करके अपनी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं टोल फ्री नंबर 1950 के जरिये भी चुनाव संबंधित शिकायत का समाधान करा सकते हैं। सुविधा एप पर प्रथम आवक, प्रथम पावक के आधार पर अनुमति प्राप्त की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों से संबंध रखने वाले लोग अपने वाहनों पर निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमन्य झंडा लगवा सकते हैं। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अनुराग सिंह, डिप्टी कलेक्टर विनीत उपाध्याय, रेनू सहित सभी राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इधर, कलक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में अफसरों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम का प्रथम दिखावटी रेंडमाइजेशन हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह व सीडीओ अनिल सिंह ने निर्वाचन कार्यालय में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के प्रथम दिखावटी रेंडमाइजेशन की कंप्यूटर स्क्रीन के जरिये जानकारी दी।
विज्ञापन

मंडी पहुंचकर मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम का किया चिन्हांकन
लखीमपुर खीरी। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह व एडीएम संजय सिंह के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर पहुंचे। जहां उन्होंने विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के लिए जिले की आठों विधानसभाओं के लिए मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम का चिन्हांकन किया। डीएम ने अफसरों को निर्देेश दिए कि सारी तैयारी पुख्ता हों, ताकि मतगणना के दौरान कोई असुविधा व समस्या न होने पाए। डीएम ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन के मद्देनजर कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर में प्रस्तावित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम में आधारभूत एवं अनुरक्षण संबंधी कार्य नियत समय सीमा में पूर्ण कराकर उन्हें अवगत कराएं। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/ डिप्टी कलेक्टर अनुराग सिंह, सहायक अभियंता (पीडब्ल्यूडी) राजेश वर्मा, मंडी सचिव सुधांशु कुमार उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें