मैलानी के गाड़ीघाट में टॉवर पर चढ़ा युवकस्रोत-संवाद
मैलानी। प्रेमिका के परिजनों के शादी के लिए तैयार न होने पर बृहस्पतिवार को ग्राम रामपुर फुलहिया निवासी संतोष पुत्र दूधनाथ निषाद खुटार मार्ग पर गाड़ीघाट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा।
युवक का कहना है कि उसकी प्रेमिका शादी के लिए तैयार है, लेकिन उसके परिजन राजी नहीं हैं। टावर पर चढ़कर उसने मोबाइल फोन से काॅल कर शादी कराने की मांग की। सीओ जितेंद्र परिहार ने बताया कि युवक की काउंसलिंग करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
लगातार दूसरे दिन बिजली के टावर पर चढ़ा युवक
महेवागंज। फूलबेहड़ के लठिया गांव निवासी नरेंद्र (25) बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन 33 केवी के बिजली टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे बाद वह नीचे उतरा। गनीमत रही कि उस समय टावर में करंट नहीं था। पुलिस और भीड़ को देखकर वह गन्ने के खेत में छिप गया। बाद में भाई ने उसे समझाकर बुलाया और घर ले गया।
नरेंद्र के भाई गोविंद ने बताया कि माता-पिता की मौत हो चुकी है और नरेंद्र गांव में इधर-उधर घूमता रहता है। बुधवार को भी वह बिजली के टावर पर चढ़ गया था, तब पुलिस ने मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारकर घर भेजा था। रात में वह घर पर सोया, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह फिर गांव में घूमने निकल गया। दोपहर में उसके दोबारा टावर पर चढ़ने की सूचना मिली।
सीओ धौरहरा अभिषेक कुमार ने बताया कि युवक करीब चार घंटे बाद समझाने पर नीचे उतर आया। परिजनों को उसकी निगरानी रखने के लिए कहा गया है। संवाद