धौरहरा। धौरहरा में संपूर्ण समाधान दिवस में आए तमाम फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। समाधान दिवस में आई 49 शिकायतों में महज पांच शिकायतों का ही निस्तारण हो सका।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने चरागाह की जमीन पर अवैध कब्जा, दुकान आवंटन में धांधली, मानक विहीन एमडीएम समेत अन्य पांच शिकायतों का निस्तारण किया। डीएम के साथ एसपी गणेश प्रसाद साहा, सीडीओ अनिल कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में कई बार कुसुमा और बल्लन ने परगना फिरोजाबाद में चरागाह की भूमि को खाली कराने के लिए शिकायत दी थी। डीएम ने दोनों शिकायतों को संज्ञान में लेकर खमरिया थाना प्रभारी को तत्काल कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।
दुकानदारों ने दुकानों के आवंटन में धांधली की शिकायत की। कहा कि सदर बाजार में 80 पंजीकृत दुकानदार थे। वर्तमान समय में 91 दुकानों का निर्माण हुआ, इसमें नगर पंचायत के अधिकारियों ने कुछ दुकानों के आंवटन में लाखों रुपये वसूल करते हुए दुकानें आवंटित कर दी हैं। इस पर डीएम ने एसडीएम धौरहरा और ईओ को एक सप्ताह के भीतर जांच करते हुए रिपोर्ट सौंपने का आदेश जारी किया है।
उधर, सभासद अवधनगर राकेश चौरसिया ने मोहल्ला फतेहनगर के काजीपुरवा में बच्चों को दिए जा रहे एमडीएम की गुणवत्ता पर सवाल उठाया तो डीएम ने बीएसए को विद्यालय में ही भोजन बनवाने के निर्देश दिए।
48 में से महज तीन शिकायतें निस्तारित
गोला गोकर्णनाथ/पलियाकलां। तहसील सभागार में एसडीएम रत्नाकर मिश्रा की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 48 में महज तीन शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका। वहीं, पलियाकलां में शनिवार को तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसीलदार आरती यादव की अध्यक्षता में किया गया। कुल 30 शिकायतों में महज पांच का ही मौके पर निस्तारण हो सका। संवाद