खाद्य एवं रसद विभाग ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए जिले को एपीएल योजना के तहत 2573.845 मीट्रिक टन गेहूं का आवंटन किया है। आंधी, पानी आदि आपदाओं के मद्देनजर जिले के सबसे ज्यादा संवेदनशील 120 ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में एपीएल गेहूं का वितरण एक समान मात्रा में 15 किग्रा प्रति राशनकार्ड किया जाएगा। इसके लिए ब्लाक वार/ नगर क्षेत्रवार गेहूं का आवंटन किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि धौरहरा में 34, बेहजम में पांच, बिजुआ में एक, निघासन में 39, पलिया में आठ, रमियाबेहड़ में पांच, फूलबेहड़ में 11, नकहा में 15 और लखीमपुर ब्लाक में दो गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इनमें 71670 एपीएल राशनकार्ड हैं। इन गांवों के एपीएल राशनकार्ड धारकों के लिए 10354.59 क्विंटल गेहूं का आवंटन किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्र लखीमपुर, ओयल, खीरी टाउन, गोला, मैलानी, मोहम्मदी, बरवर, सिंगाही, पलिया में कुल 106480 एपीएल राशनकार्ड हैं। इसके लिए कुल 15383.45 क्विंटल गेहूं का आवंटन किया गया है। दैवीय आपदा प्रभावित गांवों और नगरीय क्षेत्र के कुल 178150 एपीएल राशनकार्डों पर वितरण के लिए कुल 25738.45 क्विंटल गेहूं का आवंटन उपलब्ध कराया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि यह आवंटन माह मई 2015 से मार्च 2016 तक प्रभावी रहेगा।