फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: पत्नी को लाने गया, खाली हाथ लौटा... फिर फंदे से लटका मिला शव

Sat, 25 Jul 2026 11:02 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
धर्मेंद्र, फाइल फोटो
विज्ञापन
निघासन। पत्नी को मायके से विदा कराने गया युवक खाली हाथ लौट आया। अगले ही दिन वह मजदूरी के लिए उत्तराखंड चला गया, जहां कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पत्नी के मायके वालों पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और पत्नी को साथ न भेजने का आरोप लगाते हुए सिंगाही पुलिस को तहरीर दी है।
विज्ञापन

सिंगाही थाना क्षेत्र के रमुआपुर निवासी श्रीराम के पुत्र धर्मेंद्र ने मोतीपुर निवासी माधुरी से 21 अप्रैल को प्रेम विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। युवती के परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे, जिसके बाद दोनों ने मंदिर में विवाह करने के साथ कोर्ट मैरिज भी की थी।
आरोप है कि 17 जुलाई को माधुरी के पिता शत्रोहन उसे एक दिन के लिए मायके ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गए। अगले दिन धर्मेंद्र पत्नी को विदा कराने मोतीपुर पहुंचा तो उसके साथ मारपीट की गई और पत्नी को भेजने से इन्कार कर दिया गया। काफी प्रयास के बावजूद पत्नी उसके साथ नहीं लौटी। इससे आहत धर्मेंद्र घर लौट आया और अगले दिन मजदूरी करने की बात कहकर उत्तराखंड चला गया।
विज्ञापन

परिजनों के अनुसार, 22 जुलाई को धर्मेंद्र के साथ काम करने वाले साथी और उसका भाई मजदूरी पर चले गए, जबकि वह कमरे पर ही रुका रहा। शाम को लौटने पर कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता श्रीराम ने आरोप लगाया कि बेटे के साथ मारपीट और पत्नी को साथ न भेजे जाने से वह मानसिक रूप से टूट गया था। उन्होंने सिंगाही पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के बड़े भाई मुनेश ने बताया कि धर्मेंद्र लगातार पत्नी से फोन पर घर लौटने की गुहार लगा रहा था, लेकिन वह आने को तैयार नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी मानसिक तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। साथ ही आरोप लगाया कि माधुरी तीन माह की गर्भवती थी और उसका गर्भपात भी करा दिया गया।
क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार ने बताया कि युवक ने उत्तराखंड में आत्महत्या की है। घटना उत्तराखंड की होने के कारण वहां की पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है। सिंगाही थाने में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें