लखीमपुर खीरी। सूरज के आग उगलने से जेठ की दुपहरी में तन के साथ ही घर-मकान भी तपने लगे हैं। गर्मी और उमस का हाल यह है कि पंखे भी गर्मी के सामने बेअसर साबित हो रहे हैं। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा, जिससे बाहर निकलने वालों के पसीने छूटते रहे। गुरुवार को मौसम में बदलाव आने की संभावना मौसम विभाग पहले ही जता चुका है, जिसके मुताबिक तीन-चार दिनों तक बादलों की आवाजाही रहेगी। तेज हवाओं के साथ ही हल्की-मध्ययम बारिश होगी। इससे अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
इसी माह मई के पहले पखवाड़े में दो बार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने जनपद के कुछ हिस्से में भारी तबाही मचाई थी। जनहानि से लेकर फसलों को भारी नुकसान हुआ था। बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा, जिसके बाद शाम छह बजे चार डिग्री खिसककर 41 डिग्री तक पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान कई दिनों से 27 डिग्री सेल्सियस पर टिका हुआ है। मौसम विज्ञान आंचलिक केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार की रात से मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाएगा। गुरुवार को दिन में तेज हवा के साथ हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से उठने वाली दक्षिण-पश्चिमी तेज हवाओं के कारण वातावरण में नमी आएगी, जिससे अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है। मौसम के बदलाव का असर तीन-चार दिनों तक रह सकता है।