लखीमपुर खीरी। मई में तीसरी बार मौसम ने अपने बिगड़े तेवर दिखाए हैं, जिससे रविवार को जिले भर में शाम चार बजे से तेज आंधी और बारिश शुरू हुई। करीब दो घंटे आंधी-बारिश का कहर जारी रहा। इससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है, तो वहीं किसानों के लिए यह आंधी-बारिश मुसीबत साबित हुई है। जबकि शहर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इससे पहले भी एक सप्ताह के अंदर दो बार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है। मौसम विभाग ने अभी दो दिनों तक यानी मंगलवार तक बारिश होने की संभावना जताई है।
रविवार की शाम चार बजे अचानक आसमान में काले बादल उमड़ पड़े और तेज आंधी चलने लगी। इससे रास्तों में दोपहिया वाहन सवार राहगीर फंस गए। आंधी के कुछ मिनट बाद तेज बारिश शुरू हुई, जिसके बाद करीब दो घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विज्ञान आंचलिक केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते कम हवा के दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून सक्रिय हो गए हैं। इससे रविवार को अचानक मौसम में बदलाव आने के साथ आंधी-बारिश आई। उन्होंने बताया कि सोमवार और मंगलवार को भी बारिश होने के आसार हैं। बुधवार से मौसम साफ हो जाएगा।
छाए घनघोर बदरा, दिन में हुआ अंधेरा
गोला गोकर्णनाथ और पलियाकलां में रविवार की दोपहर बाद एकाएक मौसम का मिजाज बदला, आसमान में घनघोर बादल छा गए, देखते ही देखते धूल भरी आंधी चलने लगी। गरज चमक के साथ बरसात होने लगी, साथ ही आसमान में छाए घने बादलों के कारण दिन में शाम जैसा नजारा दिखने लगा।
गोला में सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर निकलते दिखे वहीं नगर के मेला मैदान, मार्केट में कई दुकानों के सामने पड़े टीन शेड, साइन बोर्ड उखड़ गए। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर आंधी में झोपड़ी, छप्पर, मुर्गी पालन के लिए पड़े छप्पर बिखर गए। साथ ही बदले मौसम ने किसानों को चिंता में डाल दिया। अभी कई स्थानों पर खेतों में गेहूं की फसल खड़ी है और कुछ में कटी पड़ी है, जिससे किसानों को फसल बर्बादी का खतरा सता रहा है।
टिनशेड गिरने से पिता पुत्र घायल
कुकरा कस्बे के अंसार मोहल्ला में दूसरी मंजिल पर पड़ी टिनशेड उड़कर गिरने से पड़ोस के पिता पुत्र घायल हो गए हैं, जिन्हे अस्पताल भेजा गया है।
रविवार दोपहर बाद आई तेज आंधी में अंसार मोहल्ले में जकीउल्ला के मकान की दूसरी मंजिल की टिनशेड उड़ गई, जो दो मकान बाद पड़ोस के ही मकान में जा गिरी, जिससे घर बैठे मकसूद अली (35)की गर्दन कटने से गंभीर घायल हो गए। साथ ही उनका तीन वर्षीय पुत्र जेबा भी गंभीर घायल हुआ है। मकसूद अली का कसबे में निजी डॉक्टर से उपचार कराया गया लेकिन गर्दन की नस कटी बताकर उन्हें सीएचसी गोला रेफर किया गया। जहां हालत गंभीर बताई गई है।
दीवार गिरने बाल बाल बचे लोग, बकरी मरी
ईसानगर तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र में तबाही मचा दी। गरीबों के आशियाने उड़ गए। पेड़, खंभे भी ध्वस्त हो गए। सैकड़ों घरों के टिन छप्पर उड़ गए। गांव चंद्रासाखुर्द निवासी फग्गू पुत्र कल्लू घर तेज आंधी में गिर गया। घर की दीवार के नीचे दबकर एक बकरी की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घर में रखा सामान अस्त-व्यस्त हो गया। तेज आंधी से ग्रामीणों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।