लखीमपुर खीरी। तराई में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। सुबह से ही कोहरा और पाला गिरने से ठिठुरन बढ़ गई। दोपहर कराब 2.30 बजे धूप निकली, लेकिन लोगों को ठंड से राहत नहीं दिला सकी। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड का असर अभी दो दिनों तक रहेगा। मकर सक्रांति के बाद ठंड के तेवर कम होंगे, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को बारिश की संभावना भी बन रही है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो रविवार से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान में इजाफा होने के बाद भी ठंड और गलन में कमी नहीं आई है। सोमवार को भी दोपहिया वाहन चालकों को बर्फीली हवाओं का सामना करना पड़ा। कही लोगों ने टोपी-मफलर के सहारे ठंड से बचाव किया तो कहीं हीटर-ब्लोअर से ठंड दूर की गई। दोपहर बाद धूप निकलने से भी लोगों को ठिठुरन से राहत नहीं मिली। मौसम विज्ञान आंचलिक केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन अभी एक-दो दिन तक गलन से राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी, जिससे धूप निकलने के आसार कम दिख रहे हैं। लिहाजा ठंड के तेवर शुक्रवार तक बरकरार रहेंगे।