न्यूनतम पारा छलांग लगाकर हुआ 8.6 डिग्री सेल्सियस
दिन में गुनगुनी धूप, शाम को छाए बादल
लखीमपुर खीरी। तराई में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच नए साल का पहला दिन कुछ खास रहा। सुबह से ही तेज धूप निकलने पर लोगों को गलन और शीत लहर से राहत मिली। दिन में अच्छी धूप निकलने से न्यूनतम पारा चार अंकों की छलांग लगाकर 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोगों ने घर से बाहर निकलकर गुनगुनी धूप का आनंद लिया। शाम को बादलों की आवाजाही शुरू होने से मौसम ने फिर करवट बदली। जिससे बारिश होने की संभावना भी बनी। हालांकि शीतलहर से लोगों को अभी कुछ राहत मिली है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जिसके बाद शाम को 16 डिग्री पर लुढ़क गया। जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौमस विशेषज्ञ जेपी गुप्ता के मुताबिक आने वाले दो-तीन दिनों तक धूप निकलने से गलन और ठिठुरन कम होगी। गुरुवार और शुक्रवार को किसी भी समय हल्की बारिश होने के आसार हैं। कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। वहीं, रविवार से तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे भीषण ठंड और गलन की वापसी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ ने बताया है कि धूप निकलने से पहाड़ों पर बर्फ के पिघलने से मैदानी इलाकों में ठंडी हवा का असर हो सकता है।
दफ्तरों के कर्मचारियों ने भी लिया धूप का आनंद
सरकारी दफ्तरों में नववर्ष के चलते एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने का दौर चला। इसके बाद कर्मचारी और अधिकारी धूप सेंकने के लिए छतों और बाहर मैदानों में आ गए।