लखीमपुर खीरी। तराई में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है, जिससे सोमवार को सुबह से कोहरा छाया रहा। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकली, जो बेअसर रही। लोगों को भीषण ठंड और गलन से जूझना पड़ रहा है। पहाड़ों पर पिघलती बर्फ का असर मैदानी क्षेत्र में साफ देखा जा रहा है, क्योंकि बर्फीली हवा से लोगों में कंपकंपी छूटती दिखी। बाइक सवारों को बर्फीली हवा में सफर करना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक चार-पांच दिनों तक गलन रहेगी और सुबह कोहरा भी गिरेगा।
सोमवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज एकदम बदला नजर आया। दिन में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शाम होते ही 12 डिग्री पर लुढ़क गया। जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ जेपी गुप्ता ने बताया कि चार-पांच दिनों तक मौसम में खास बदलाव नहीं होगा, बल्कि सुबह कोहरा गिरेगा। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन गलन और ठंड का सामना लोगों को करना पड़ेगा। इससे पहले रविवार की रात को ही मौसम में बदलाव की बयार बहने लगी थी। इससे सोमवार की सुबह हल्का फाहा भी गिरा, लेकिन बारिश नहीं हुई।
दिन भर रही गलन, ठिठुरते रहे लोग
बिजुआ। सोमवार को सर्दी का सितम टूट गया। पारा गिरकर छह डिग्री पर पहुंच गया। वहीं अलाव न जलने से चौराहों एवं अस्पतालों में लोग ठिठुरते नजर आए। सोमवार को सुबह स्कूल खुलने से लोगों ने अपने बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजा। दिन चढ़ने के साथ मौसम में गलन बढ़ती रही। खेतों में काम करने वाले किसान ठिठुरते नजर आए।
घने कोहरे में पलटी बस
निघासन। पलिया से तिकुनियां जा रही पलिया यूनियन की प्राइवेट बस घने कोहरे के कारण दुर्गापुरवा के पास पलट गई। हालांकि बस में सवार चालक और परिचालक सभी सुरक्षित हैं।
पलिया यूनियन की दोआबा कंपनी की प्राइवेट बस को पलिया से तिकुनियां के बीच सवारियों को लेकर दिल्ली जाना था। बस पलिया से तिकुनियां के लिए सोमवार सुबह करीब छह बजे जा रही थी लेकिन कोहरा अधिक होने के कारण चालक बस को संभाल नहीं पाया और बस दुर्गापुरवा के पास सड़क पर गड्ढे में जा गिरी। बस में सवारी न होने से जान-माल की कोई हानि नहीं हुई है। थाना इंचार्ज दीपक शुक्ला ने बताया कि बस गिरने से चालक और परिचालक किसी को चोट नहीं आई है। बाद में, बस को निकालकर गंतव्य स्थान के लिए भेज दिया गया। संवाद