उमस भरी गर्मी में पसीने की चिपचिपाहट से लोग रहे परेशान
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से लगातार एक हफ्ते तक बारिश संभव
लखीमपुर खीरी। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे बादलों की आवाजाही से हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद मौसम साफ हो गया। तेज धूप निकलने के बाद गर्मी ने प्रचंड रूप दिखाया। इससे उमस भरी गर्मी में पसीने की चिपचिपाहट से लोग परेशान नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं ने साथ दिया तो शनिवार से लगातार एक सप्ताह तक बारिश हो सकती है।
मानसून आने के बाद छाए बादल बिना बरसे ही लोगों को मायूस कर लौट जा रहे हैं। दिन में तेज धूप निकलने से पारा चढ़ने लगा है। मंगलवार को अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बारिश होने की संभावना जताई थी, लेकिन मंगलवार के पूर्वानुमान में फिर से बदलाव आ गया है।
मौसम विभाग के संशोधित पूर्वानुमान के मुताबिक, अब शनिवार से लगातार एक सप्ताह तक बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक गर्म हवा के दबाव से बादल अपनी जगह बदल रहे हैं। शनिवार से कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है, जिससे कई दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बारिश होगी।
तेज हवा के साथ हुई बारिश ने फसलों को दी राहत
गोला गोकर्णनाथ। रोशननगर में मंगलवार को दोपहर बाद अचानक हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश से गन्ना, धान, सब्जी, चारा आदि की फसलों को लाभ मिला है। बरसात से ममरी, रेहरिया, अमीरनगर, बग्घुन, अलीगंज आदि क्षेत्र में किसानों के चेहरों पर मुस्कान दिखी।
मोहम्मदी। बारिश और हवा चलने से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मंगलवार को तीन बजे के करीब अचानक बारिश और तेज हवा चलने से आम जनमानस को भारी राहत मिली है। भीषण गर्मी से लोग परेशान थे।