बेलरायां में बनी पानी की टंकी। संवाद
बेलरायां। ग्राम पंचायत भिडोरी में हर घर नल योजना के तहत घरों में लगाई गईं टोटियां शो-पीस बनी हैं। इससे ग्राम पंचायत में पांच हजार नागरिकों के समक्ष शुद्ध पेयजल का संकट बना हुआ है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय की रिटायर प्रधानाचार्य अपराजिता लाहड़ी ने बताया कि सन् 2015 में शुद्ध पेयजल मुहैय्या कराने के लिए पंचायत के ग्राम भुलनपुर और तकियापुरवा में टंकी का निर्माण हुआ था। सन् 2020 में ठेके के कर्मचारियों ने बेलरायां, तकियापुरवा, कुशाही गांवों में पाइपलाइन डालकर घरों में टोटियां लगाई थीं। टंकी से घरों में पानी की सप्लाई माह में एकाध बार ही रही।
कस्बा निवासी महेश मिश्रा बताते हैं कि टोटियां लगने से लोगों में शुद्ध पेयजल की उम्मीद जगी थी, लेकिन पानी की नियमित आपूर्ति शुरू न होने से लोग हैंडपंपों का आर्सेनिक युक्त पानी पीने के लिए विवश हैं। नागरिकों ने पानी की नियमित आपूर्ति शुरू कराने की मांग कई बार की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
पंचायत भिड़ोरी के प्रधान टीकाराम बताते हैं कि पंचायत के ग्राम भुलनपुर और तकियापुरवा में बना ओवरहेड टैंक पंचायत के सुपुर्द नहीं हुआ है। इसके बावजूद ऑपरेटरों से पंचायत के मजरों में नियमित पानी आपूर्ति कराने को कहा गया है।