लखीमपुर खीरी। लालपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में जलभराव से निर्माण कार्य की रफ्तार थम गई है। परिसर से पानी निकालने के लिए इंजन लगाया गया है।
उप क्रीड़ाधिकारी मो. इरफान ने बताया कि स्टेडियम का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मैदान से पानी सूखते ही फिनिशिंग का काम शुरू करा दिया जाएगा। शेष काम करीब एक सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है।
गोला रोड स्थित स्टेडियम का करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण कराया जा रहा है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसका उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्टेडियम की चहारदीवारी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और छह हाईमास्ट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट का काम भी पूरा होने की जानकारी पहले दी गई थी। बैडमिंटन कोर्ट समेत कई खेल सुविधाएं भी तैयार हैं। इसके अलावा ड्रेनेज सिस्टम, स्टोर रूम, वायर ट्रैप और शौचालय ब्लॉक का निर्माण पूरा हो चुका है।
स्टेडियम में मिलेंगी ये सुविधाएं
- खेल मैदान में ट्रैक
- स्विमिंग पूल का नवीनीकरण और गहराई कम करने का काम
- छह हाईमास्ट लाइटें
- बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल
- वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट
- बैडमिंटन और टेबल टेनिस खेलने की सुविधा
- खेल उपकरणों के लिए स्टोर कक्ष
- खिलाड़ियों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री हॉल
- महिला और पुरुष शौचालय ब्लॉक
- जलनिकासी व्यवस्था, बाउंड्री वॉल और वायर ट्रैप