लखीमपुर खीरी। जिले में शारदा और घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से महज कुछ ही मीटर की दूरी शेष है।
बाढ़ खंड शारदानगर के मुताबिक, बनबसा बैराज से 27,506 क्यूसेक पानी रिलीज किया गया है। जिससे शारदा नदी का जलस्तर 219 मीटर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 221 मीटर है। शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज दो मीटर दूर रह गया है। जबकि शारदा बैराज से 25,352 क्यूसेक पानी रिलीज किया गया है।
जिससे शारदा नदी का जलस्तर 134.60 मीटर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 135.49 मीटर तक है। इसी तरह घाघरा बैराज से 1.31 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिससे घाघरा नदी का जलस्तर बढ़कर 135.30 मीटर पर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 136.78 मीटर पर है। यहां भी खतरे के निशान से घाघरा एक मीटर की दूरी पर बह रही है।