लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत खेतों में बोरिंग तो करा दी गई, लेकिन छह माह बाद भी किसानों को विद्युत कनेक्शन नहीं मिल सके हैं।
मितौली डिविजन क्षेत्र के 111 किसान गर्मी के मौसम में सिंचाई के लिए परेशान हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सरकारी योजना खेतों में शोपीस बनकर खड़ी है। आरोप है कि विद्युत निगम ने बजट लेने के बाद भी सुविधा देने में गंभीरता नहीं दिखाई।
लघु सिंचाई विभाग की ओर से वर्ष 2024-25 में मितौली डिविजन क्षेत्र के 111 किसानों के खेतों में नि:शुल्क बोरिंग कराई गई। योजना के तहत मध्यम और गहरी बोरिंग वाले किसानों को विद्युत कनेक्शन देने की भी व्यवस्था है। इसके लिए प्रति किसान 68 हजार रुपये का अनुदान तय किया गया।
विभाग की ओर से नवंबर, 2025 में विद्युत निगम को करीब 75 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन अब तक किसानों को कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं।
किसानों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। गर्मी में खेतों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे फसलें सूखने लगी हैं। मजबूरी में किसान डीजल पंप और निजी साधनों से सिंचाई कर रहे हैं, जिससे लागत कई गुना बढ़ गई है। किसानों ने जल्द विद्युत कनेक्शन दिलाने की मांग की है।
नए बोरिंग के लिए आवेदन शुरू
सहायक अभियंता इंजीनियर श्याम सुंदर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए miuponline.in पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर तीन प्रकार की बोरिंग का लाभ दिया जाएगा। 30 मीटर तक उथली, 30 से 60 मीटर तक मध्यम और 60 से 90 मीटर तक गहरी बोरिंग कराई जाती है। मध्यम और गहरी बोरिंग पर विद्युत कनेक्शन का अनुदान भी दिया जाता है।
-
लघु सिंचाई विभाग की ओर से मेरे खेत में चार महीने पहले बोरिंग हो चुकी है, लेकिन अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं मिला। इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी जा रही।
-उस्मान, किसान, मितौली
-
पिता फेरूलाल के नाम पर चार महीने पहले बोरिंग हुई, लेकिन विद्युत कनेक्शन न होने से इस्तेमाल नहीं हो पा रहा। जेई ने कहा कि उनके पास कोई आदेश नहीं है।
-श्रवण कुमार, गुलरीपुरवा
-भाई हरेंद्र कुमार के नाम से करीब छह महीने पहले बोरिंग कराई गई थी, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं हो सका। इससे बोरिंग का उपयोग शुरू नहीं हो पाया।
-अखिलेश कुमार, अटकोनवा
-मार्च में बोरिंग हो गई थी, लेकिन कनेक्शन नहीं हो सका। कनेक्शन कराने की प्रक्रिया चल रही है। कब तक कनेक्शन मिलेगा, इसकी सटीक जानकारी नहीं दी गई।
-श्याम सरन राठौर, दुल्हापुर चौबे
लघु सिंचाई विभाग की ओर से मितौली डिविजन क्षेत्र के 111 किसानों के खेतों में बोरिंग करा दी गई है। विद्युत कनेक्शन के लिए नवंबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक पावर कॉर्पोरेशन के एमडी को 75 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन अभी कनेक्शन नहीं हो पाए हैं।
-श्याम सुंदर, सहायक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग
डिविजन की ओर से कोई भी पेंडेंसी नहीं है। जितना बजट मिलता जा रहा है, उसके अनुसार कनेक्शन की प्रक्रिया जारी है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं है।
-अमित सिंह, अधिशासी अभियंता, मितौली डिविजन