लखीमपुर खीरी। सड़क के बीच से अचानक पानी का फव्वारा फूटने लगा तो लोगों ने इसे नए निर्माण की गुणवत्ता से जोड़ दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो सड़क धंसने और बड़े हादसे की आशंका जताई जाने लगी।
मामला नगर पालिका तक पहुंचा तो जांच कराई गई। पता चला कि वीडियो में दिख रही सड़क नई नहीं, बल्कि पुरानी है। पानी का फव्वारा सड़क की खराबी से नहीं, बल्कि नीचे से गुजरी सप्लाई पाइप लाइन फूटने से उठा था।
शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो में इमली चौराहे से मेला मैदान तक जाने वाली सड़क के बीचोंबीच पानी निकलता दिखाई दे रहा था। वीडियो के साथ दावा किया गया कि यह सड़क दो दिन पहले ही बनी है और खराब गुणवत्ता के कारण उसके नीचे से पानी फूट पड़ा। सड़क का हिस्सा खोखला होने और धंसने की आशंका भी जताई गई।
वीडियो वायरल होने के बाद नगर पालिका ने अपने फेसबुक अकाउंट पर स्पष्टीकरण जारी किया। पालिका ने कहा कि बिना सही जानकारी के पुरानी सड़क को नए निर्माण से जोड़कर वीडियो साझा किया जा रहा है। यह इमली चौराहे से पीडब्ल्यूडी की ओर जाने वाली पुरानी सड़क है। यहां पानी की सप्लाई पाइप लाइन फूटने से यह स्थिति बनी।
मामले की जानकारी मिलने पर नगर पालिका ने रात में ही टीम भेजकर मौके का निरीक्षण कराया। शनिवार सुबह सड़क खोदवाकर फूटी पाइप लाइन की मरम्मत कराई गई। सभासद अनिरुद्ध त्रिपाठी ने मौके पर मौजूद रहकर मरम्मत कार्य कराया। पाइप ठीक होने के बाद पानी का फव्वारा बंद हो गया।
-
वीडियो की जानकारी मिलने पर तत्काल टीम भेजी गई थी। निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि सड़क पुरानी है और पानी की सप्लाई लाइन फूटने से फव्वारा निकल रहा था। शनिवार सुबह पाइप लाइन दुरुस्त करा दी गई।
-डॉ. इरा श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष