लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव के लिए अबकी बार 90 प्रतिशत पार मुहिम के तहत जनपद खीरी में जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की ओर से मतदान निमंत्रण कार्ड अब तक तीन लाख 50 हजार घरों तक पहुंच चुके हैं। वहीं, मतदाताओं तक निमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने चतुर्थ चरण में 23 फरवरी को जनपद खीरी में होने वाले मतदान में मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए अनूठी पहल अबकी बार 90 प्रतिशत पार मुहिम छेड़ रखी है। इसके लिए अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक स्वयं घर-घर दस्तक देकर मतदान के निमंत्रण पत्र बांट रहे हैं। जिले के 3.50 लाख मतदाताओं के घर निमंत्रण पत्र पहुंच चुके हैं। डीएम बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में सचिव, लेखपाल, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आशा, आंगनबाड़ी, कोटेदार निमंत्रण पत्रों को घर-घर पहुंचा रहे हैं। वहीं, शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय के अधिकारी-कर्मचारी समेत लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी, कोटेदार एवं अन्य अफसरों द्वारा निमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला जारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कोटेदार बाटेंगे निमंत्रण
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह से अब तक निमंत्रण पत्र वितरण की प्रगति जानी। शनिवार को बांटने के लिए 50,000 निमंत्रण पत्र और प्रदान किए। उन्होंने कोटेदारों के जरिए गांव के गली-मोहल्लों में एक-एक घर तक निमंत्रण कार्ड भिजवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निमंत्रण वितरण का पर्यवेक्षण क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षकों से कराने को कहा।
मतदान निमंत्रण पाकर बोले मतदाता
मतदान निमंत्रण पत्र वितरण के दौरान कई मतदाताओं ने बताया कि यह निमंत्रण उन्हें विभिन्न सोशल प्लेटफॉर्म के जरिए भी मिल चुका है। कई मतदाता ने कहा, उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मतदान के लिए डीएम उन्हें स्वयं निमंत्रण पत्र भेजेंगे।
घर-घर दस्तक देकर मतदान का निमंत्रण बांट रही 1.30 लाख महिलाएं
अपने हुनर से जीवन का अंधेरा दूर करने में जुटीं 12182 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब एक लाख 30 हजार महिलाएं अब मतदान के दिन जिले को 90 फीसदी अंकों के साथ पास कराने का जिम्मा भी संभाल रही हैं। इसके लिए सभी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं गांव की कुंडी बजाकर मतदान के निमंत्रण बांटने में जोर-शोर से लगी हैं। आकर्षक उत्पाद तैयार करने वाली ये महिलाएं मतदान के दिन घर-घर से मतदाताओं को निकालकर बूथ तक लाने का काम भी करेंगी।
निमंत्रण बांटने के साथ लोगों को जागरूक कर रहे शिक्षक
लखीमपुर खीरी। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय के निर्देशन में परिषदीय स्कूलों के शिक्षक भी मतदाता जागरूकता अभियान का हिस्सा बने हैं। शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मतदाता जागरुकता के लिए चौपाल लगाकर, घर-घर संपर्क करके और अपने क्षेत्र में रैली निकालकर मतदाताओं को मतदान के लिए जागरुक कर रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिले भर के परिषदीय स्कूलों में मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई।
अभिभावकों व मतदाताओं से संपर्क करके जनजागरण किया गया। बीएसए ने संविलियन विद्यालय सलेमपुर और संविलियन विद्यालय मीरपुर में स्वयं मतदाताओं को मतदान के लिए निमंत्रण पत्र वितरित किए। उन्होंने आह्वान किया कि सभी 23 फरवरी को समस्त कार्य को छोड़कर सबसे पहले मतदान करें।
मितौली में भी निकाली गई रैली
मितौली। जिला पंचायत इंटर कॉलेज कस्ता में प्रधानाचार्य गिरीश चंद के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामलि छात्र-छात्राओं ने अंधरौला से पेट्रोल पंप होते हुए कस्ता चौराहे तक लोगों को महत्व बताते हुए मतदान के लिए प्रेरित किया। मतदान निमंत्रण पत्र भी बांटे गए। रैली के साथ जिला स्काउट संगठन कमिश्नर लक्ष्मीशंकर अग्निहोत्री, अध्यापक सदानंद, जितेंद्र बघेल, प्रभात नंदन मिश्र, सरला देवी, मोहिनी देवी, संत कुमार, अनीता देवी रहीं। संवाद
लोकतंत्र का महा पर्व निमंत्रण- फोटो : LAKHIMPUR