जिले में ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान और बीडीसी पद के लिए रविवार को पांच ब्लाकों लखीमपुर, बेहजम, ईसानगर, रमियाबेहड़ और पलिया में उपचुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जिसमें मतदाताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। मतदान के लिए सुबह सात बजे से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई थी।
खीरी टाउन। लखीमपुर ब्लाक के हरदासपुर में शहीद दरोगा मनोज मिश्रा की हत्या के विरोध में मतदान का बहिष्कार करने के बाद रविवार को उपचुनाव में मतदान कराया गया। जहां 72 प्रतिशत मतदाताओं ने क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए वोट डाले। इस दौरान पोलिंग बूथों पर शांति बनी रही। हरदासपुर में वोट डालने के लिए दो बूथ बनाए गए थे। जिन पर सुबह सात बजे से मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। यहां 1159 मतदाता हैं। जिनमें एक एक बूथ पर 508 और दूसरे बूथ पर 337 वोट पड़े। हरदासपुर में महिला सीट पर क्षेत्र पंचायत चुनाव में कुल पांच प्रत्याशी थे, इनमें चार लुधौरा और एक प्रत्याशी हरदासपुर की थी। इस दौरान पुलिस सुरक्षा चौकस थी। एएसपी एपी सिंह ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
सिकंद्राबाद। बेहजम ब्लाक में रिक्त पदों पर उपचुनाव में 82 फीसदी वोट पड़े। ग्राम पंचायत अछनिया, लौका, मुड़िया, ओयल देहात तथा लखनापुर में ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पद के लिए वोट डाले गए। सभी जगहों पर शांतिपूर्वक मतदान हुआ। इस दौरान एसओ बृजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पोलिंग बूथों का भ्रमण करते रहे। मतदान के बाद मतपेटियों को ब्लाक के स्ट्रांग रूम में रख दिया गया है।
धौरहरा। रमियाबेहड़ के नवनिर्वाचित प्रधान नीरज वर्मा की मौत के बाद रिक्त हुए पद पर रविवार को उपचुनाव हुआ, जिसमें पांच प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे थे। उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक हुआ, यहां 5798 मतदाताओं में से 3773 ने वोट डाले। यहां 66 फीसदी मतदान हुआ। मतदान में पूरे समय एसडीएम, सीओ, समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि इस सीट पर नीता वर्मा, राजेशवरी देवी, अजय कुमार, विलाल अहमद और आशिमा बेगम अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा प्रतापीबेहड़ में सदस्य पद पर भी चुनाव सकुशल निपट गया। मतगणना मंगलवार को ब्लाक मुख्यालय पर होगी ।
ओयल। ओयल देहात में दो वार्डों में 72 फीसदी मतदान हुआ। ओयल देहात में स्थित युवराज दत्त इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर वार्ड संख्या सात में 128 में से 105 तथा वार्ड संख्या 12 में ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 228 में 148 लोगों ने मतदान किया। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।