जिले में चलाए गए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कई प्रारूपों पर आवेदन जमा किए। पुनरीक्षण में समस्त आठ विधानसभा क्षेत्रों में 1,45,791 लोगों ने आवेदन किए थे इसमें 34,495 नए मतदाता जुड़े हैं। इसके अलावा 55,648 लोगों ने नाम और पते संशोधित कराने के लिए फार्म जमा किए हैं।
विदित हो कि 15 अक्तूबर से 20 नवंबर 2014 तक बूथ लेवल पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया गया। इसमें नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए बूथ वार आवेदन फार्म जमा किए गए थे। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक पलिया विधानसभा में 13,661 नए मतदाताओं ने आवेदन किए। निघासन क्षेत्र में 9,459, गोला क्षेत्र में 10,665, श्रीनगर क्षेत्र में 14,681, धौरहरा क्षेत्र में 8,395, लखीमपुर क्षेत्र में 16,667, कस्ता क्षेत्र में 6,966 और मोहम्मदी क्षेत्र में 9,649 नए मतदाता बढ़े हैं। इसी तरह बोगस इंट्री और मर चुके मतदाताओं को डिलीट करने के लिए 55,648 फार्म जमा किए गए। संशोधन के लिए आठ विधानसभा क्षेत्र में 19,985 फार्म जमा किए गए। एडीएम हरिकेश चौरसिया ने बताया कि पहले 25,95,383 मतदाता थे जो बढ़कर 26,29,878 हो गए हैं। उन्होंने बताया कि फार्मों का फीडिंग कार्य पूरा होने के बाद पहचान पत्र वितरित कराए जाएंगे।