लखीमपुर खीरी। जनपद की आठ विधानसभा में बुधवार को हुए मतदान के प्रतिशत में चरणवार लगातार वृद्धि देखी गई। सुबह के पहले चरण के दो घंटे जरूर मतदान सामान्य रहा, मगर इसके बाद दूसरे व तीसरे चरण में मतदान का प्रतिशत काफी तेजी से बढ़ा। ऐसा करीब एक पखवाड़े तक चले अभियान का ही असर रहा कि शाम पांच बजे तक 62.45 प्रतिशत तक मतदान पहुंच गया।
मालूम हो कि डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अगुवाई में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जोर-शोर से चलाया गया, जिसमें अबकी बार 90 पार का नारा प्रसारित किया गया। स्कूली बच्चों समेत सरकारी कर्मचारियों ने प्रचार प्रसार में सहयोग किया था। साथ ही मतदान के लिए निमंत्रण बांटने की मुहिम चलाई गई। इसका असर रहा कि मतदाताओं में जागरूकता आई, और पिछले विधानसभा चुनाव 2017 के मुकाबले मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सकी है।
बुधवार को भी जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने एसपी संजीव सुमन के साथ भ्रमण कर जिला मुख्यालय के सभी मतदेय स्थलों, ईसानगर, खीरी टाउन, ओयल समेत ग्रामीण इलाकों के पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों में मौजूद एवं तैनात पुलिस बल को जरूरी निर्देश दिए। मतदान अवधि में भ्रमणशील रहकर प्राथमिक विद्यालय नौरंगाबाद, परिषदीय विद्यालय सदर, राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, पोलिंग बूथ में मिदनिया, खीरी टाउन व ओयल, ईसानगर के कई पोलिंग बूथ देखे। डीएम-एसपी ने कादीपुरसानी पोलिंग बूथ भी देखा।
गुब्बारों और फूलों से सजाए गए मतदान केंद्र
लोकतंत्र के महापर्व पर खीरी के मतदान केंद्र मतदाताओं के स्वागत व सत्कार के लिए गुब्बारे व फूल मालाओं से सजाए गए। वोट डालने आए मतदाताओं ने मताधिकार के बाद सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाई, जिसे सोशल मीडिया पर न केवल शेयर किया, बल्कि अन्य लोगों से भी लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अपील भी करते नजर आए।
खेत में काम कर रहे किसान से डीएम ने की मतदान पर बात
डीएम-एसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान एक किसान को खेत में काम करते देखा। काफिला रुका डीएम गाड़ी से उतरकर किसान के पास पहुंचे, किसान से बातचीत की और वोट डालने के विषय में जानकारी की। डीएम के पूछने पर किसान ने बताया कि अभी वोट नहीं डाला है, लेकिन डीएम से बातचीत के बाद किसान ने कहा कि वह परिवार के साथ वोट जरूर डालने जाएगा।
सीडीओ ने संभाली कंट्रोल रूम की कमान
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में स्थापित कंट्रोल रूम के जरिए सभी बूथों का स्वयं पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण किया। सीडीओ के नेतृत्व एवं निर्देशन में अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों ने हर छोटी बड़ी समस्या का क्विक रिस्पांस देते हुए उसका निदान कराया। इसी का नतीजा रहा कि हर पोलिंग बूथ पर व्यवस्थाएं मुकम्मल रही। सीडीओ की अगुवाई में डीपीआरओ सौम्यशील सिंह, बीएसए डॉ लक्ष्मीकांत पांडेय, एआरसीएस डॉ सूर्य नारायण मिश्रा बड़ी भूमिका में नजर आए। इन अफसरों ने दिनभर अथक परिश्रम करके हर समस्या का त्वरित रिस्पांस दिया।