लखीमपुर खीरी। मौसम में हो रहे लगातार बदलाव के कारण वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। दिन में गर्मी और रात में ठंड के चलते लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। इससे बच्चे और बुजुर्ग खास तौर पर बीमार पड़ रहे हैं।
रविवार को जिले के नगरीय व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। शहर के गौटेय्याबाग, नौरंगाबाद व निर्मल नगर नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी और जुकाम के पहुंचे। यहां मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में बदलाव हो रहा है। पारा लगातार गिर रहा है। ऐसे में थोड़ी से लापरवाही करने पर मौसमी बुखार लोगों को चपेट में ले रहा है।
चिकित्सकों ने बताया कि मौसमी बुखार, बदन दर्द के अलावा डायबिटिज, ब्लड प्रेशर व फंगल संक्रमण के मरीज आ रहे हैं। मरीजों को परामर्श के साथ दवा दी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि यह मौसमी वायरल है। मौसम के उतार-चढ़ाव में आमतौर पर फैलता है।